योगी सरकार प्रदेश में ऑपरेशन क्लीन चला रही है। इसके अंतर्गत बदमाशों के प्रति पुलिस कड़ा रुख अपना रही है। गत वर्ष एनकाउंटर के मामले मेें जिला अव्वल रहा था और इस वर्ष भी पुलिस मुठभेड़ में ताबड़तोड़ बदमाश घायल हो रहे हैं।
सरकार का उद्देश्य प्रदेश को अपराध मुक्त करना और उद्योगपति व कारोबारियों को भयमुक्त करना है। ये बड़ा सवाल है कि सरकार व पुलिस की इस कार्रवाई से कारोबारियों को अपराधियों के खौफ से कितनी निजात मिल पाई है। इस मुद्दे पर अधिकांश कारोबारी चुप ही रहते हैं, लेकिन पीएम और सीएम के कार्यक्रम में कारोबारी अपनी चुप्पी तोड़ सकते थे।
लावा कंपनी ने खींच लिए थे हाथ
लावा कंपनी ने जिले में उद्योग लगाने के लिए जमीन ली थी, लेकिन बाद में उसने हाथ वापस खींच लिए थे। हालांकि कंपनी ने सार्वजनिक रूप से ठोस वजह नहीं बताई थी, लेकिन छूट न मिलना इसका कारण बताया जा रहा था। इसी तरह की समस्याओं को यहां के कारोबारी ही पीएम और सीएम के सामने रख सकते थे।
हमें या अन्य उद्यमियों को कार्यक्रम का कोई निमंत्रण नहीं मिला है। अगर मौका मिलता तो हम जिले के उद्योग से जुड़ा सकारात्मक पक्ष रखते। हालांकि, हमारे संगठन का एक कार्यक्रम मंगलवार को लखनऊ में प्रस्तावित है। इसमें मुख्यमंत्री शिरकत करेंगे।- एसपी शर्मा, चेयरमैन, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, नोएडा
अच्छा होता कि उद्यमियों को कार्यक्रम में शिरकत करने और पीएम-सीएम के सामने अपनी बात रखने का मौका मिलता। इस संवाद से औद्योगिक क्षेत्र के लिए सकारात्मक पक्ष उभरकर सामने आते।- आदित्य घिडल्याल ग्रेनो इंडस्ट्रीज एसोसिएशन