अदालत ने करीब 3600 करोड़ रुपये के वीवीआईपी अगस्ता-वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर रिश्वत मामले में गिरफ्तार व्यवसायी गौतम खेतान को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उसे मंगलवार को फिर से पेश किया जाएगा। जमानत आवेदन पर भी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को अपना जवाब दाखिल करना है।
खेतान की पांच दिन की रिमांड अवधि समाप्त होने पर पटियाला हाउस स्थित ड्यूटी मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। ईडी के अधिवक्ता नवीन माटा ने अदालत को बताया कि आरोपी से पूछताछ पूरी हो चुकी है, इसलिए उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाए।
अदालत ने आरोपी को मंगलवार को संबंधित अदालत के समक्ष पेश करने का निर्देश देते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं, मंगलवार को ही गौतम की जमानत अर्जी पर सुनवाई है।
उनके अधिवक्ता प्रमोद कुमार दुबे ने तर्क रखा कि उनके मुवक्किल ने रिमांड के दौरान पूरा सहयोग किया है और उसके फरार होने की कोई संभावना नहीं है।
ऐसे में वह जमानत का हकदार है। ईडी ने जुलाई में खेतान, पूर्व आईएएफ चीफ एसपी त्यागी और 19 अन्य के खिलाफ वीवीआईपी हेलीकॉप्टर सौदे में रिश्वत के आरोप में मामला दर्ज किया था। खेतान 23 सितंबर से ईडी के रिमांड पर था।