पहले मामले में पुलिस ने बताया कि ओमीक्रॉन-एक के गौड़ अतुल्य सोसाइटी निवासी महिला का 16 वर्षीय बेटा 25 जून की रात को बिना बताए घर से 17,000 रुपये लेकर लापता हो गया। आरोप है इंस्टाग्राम पर रिया और खुशी नामक दो युवतियों से कुछ दिन पहले ही दोस्ती हुई थी। पीड़ित ने अपहरण का शक जाहिर करते हुए पुलिस में शिकायत की है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
किशोरी से अश्लील हरकत, दुकानदार गिरफ्तार
दूसरे मामले में किशोरी से छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने दुकानदार मुकेश शर्मा (52) को गिरफ्तार किया है। कोतवाली सेक्टर-39 क्षेत्र निवासी युवक ने शिकायत में बताया कि आरोपी उनकी सोसाइटी में परचून की दुकान चलाता है। बुधवार को उनकी 14 वर्षीय बेटी वहां सामान खरीदने गई थी। आरोप है कि दुकान के अंदर मुकेश ने बेटी से अश्लील हरकत की।
पार्टी करने गए युवक-युवतियों को पीटा
तीसरे मामले में जीआईपी मॉल स्थित रेस्त्रां में सोमवार को पार्टी करने गए छह युवक-युवतियोंं की पिटाई कर दी गई। कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-63 स्थित एक न्यूज चैनल के कर्मचारी मॉल के एक रेस्तरां में पार्टी करने गए थे। आरोप है कि वहां पहले से बैठे कुछ लोग युवतियों से बदसलूकी करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने पिटाई करनी शुरू कर दी। पीड़ितों की शिकायत पुलिस ने बृहस्पतिवार को मामला दर्ज किया है।