सीएमओ डॉ. दीपक ओहरी
- फोटो : अमर उजाला
गौतमबुद्ध नगर में कोविड-19 का संक्रमण तेजी से फैल रहा है और स्वास्थ्य अधिकारियों के लिए चिंता का सबब बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में आई जांच रिपोर्ट में कोरोना के 77 और मरीज पाए गए हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर चार लोगों की कोरोना वायरस की वजह से मौत हो चुकी है। कोरोना संक्रमण की वजह से जनपद गौतमबुद्ध नगर में अब तक 28 लोगों की मौत हो चुकी है और 15 लोग 24 घंटे के अंदर ठीक होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं। इसके अलावा जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। उन्हें शनिवार को अस्पताल में भर्ती किया गया।
प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय से जारी आंकड़े बता रहे हैं कि शनिवार सुबह को कोविड-19 कि आई जांच रिपोर्ट में 77 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इनको मिलाकर जिले में अब तक 2,646 लोग कोविड-19 से संक्रमित पाए जा चुके हैं, जिनमें 1646 लोग संक्रमण से ठीक होकर घर जा चुके हैं। वहीं 972 लोगों का उपचार यहां के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
जनपद में अब कोविड-19 की वजह से कुल 28 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग हॉटस्पॉट और संक्रमण की संभावना वाले क्षेत्रों में कैंप लगाकर लोगों की स्क्रीनिंग व जांच कर रहा है।जिला निगरानी अधिकारी ने बताया कि जनपद में कंटेनमेंट जोन की संख्या 293 से बढकर 315 हो गई है। इन जगहों को सील करके जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग वहां पर सेनिटाइजेशन आदि का कार्य कर रहा है।
जिला सूचना अधिकारी राकेश चौहान ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक ओहरी को कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। उनका कोविड-19 का टेस्ट करवाया गया। आज आई रिपोर्ट में वह कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि सीएमओ को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
उन्होंने बताया कि सीएमओ कार्यालय को सेनिटाइज किया जा रहा है तथा उनके संपर्क में आए लोगों को आइसोलेशन में रखा गया है। उन्होंने बताया कि सीएमओ की अनुपस्थिति में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर नेपाल सिंह को सीएमओ का कार्यभार सौंपा गया है।