मिस्टर इंडिया प्रतियोगिता में गौरव अरोड़ा ने पहला स्थान पाकर स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने यह खिताब मैन फिजिक श्रेणी में 171 सेंटीमीटर और इससे कम लंबाई की श्रेणी में हासिल किया। प्रतियोगिता बुलंदशहर में 25 मार्च से 27 मार्च तक हुई। 22 साल के गौरव सेक्टर-53 स्थित कंचनजंगा अपार्टमेंट में रहते हैं।
उन्होंने बताया कि वह सेक्टर-125 स्थित एमिटी विश्वविद्यालय में बीए (इंग्लिश ऑनर्स) में तीसरे वर्ष के छात्र हैं। वह करीब चार साल से जिम ट्रेनिंग कर रहे हैं। उन्होंने इसी वर्ष फरवरी में अलीगढ़ में हुए मिस्टर यूपी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता और सीधे मिस्टर इंडिया के लिए चयनित हो गए।
वहीं, 60 से 65 किलोग्राम की श्रेणी में राहुल अत्रे ने भी स्वर्ण पदक जीता है। उत्तर प्रदेश बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के कार्यालय सचिव और गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष डॉ. अनीश अहमद ने बताया कि गौरव और राहुल ने इसके लिए काफी मेहनत की और खुद को फिट रखा। बताया गया डाइट प्लान अपनाया और खानपान का ध्यान रखा। जिला एसोसिएशन के सदस्य विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि आगे आने वाली बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिताओं के लिए जिले से बॉडी बिल्डर तैयार किए जा रहे हैं।