जवाहर कॉलोनी स्थित गैस एजेंसी के दो डिलीवरी मैन को पुलिस ने छापामार कार्रवाई कर नए सिलेंडरों से दो खाली सिलेंडरों में गैस भरते हुए रंगेहाथ पकड़ा। पुलिस ने सिलेंडरों की सील तोड़कर गैस चोरी करने और कालाबाजारी करने का केस दर्ज किया है।
पर्वतिय कॉलोनी चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बिंदू गैस एजेंसी में काम करने वाले मूलचंद निवासी एनएच दो और रामलाल यादव निवासी जवाहर कॉलोनी हेराफेरी कर सिलेंडरों की गैस निकाल कालाबाजारी करते हैं। दोनों होम डिलीवरी के सिलेंडर एजेंसी से लेने के बाद सीधे उपभोक्ता के यहां नहीं पहुंचाते।
इन लोगों ने जवाहर कॉलोनी खंड दो में एक कमरा किराए पर ले रखा है, वहां ले जाकर सिलेंडर की सील तोड़ करीब दो किलोग्राम गैस दूसरे सिलेंडर में भरते हैं। छह सिलेंडरों से गैस निकाल एक सिलेंडर में भर कर उसे ब्लैक में बेचते हैं। शिकायत मिलने पर उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी के साथ मिलकर बृहस्पतिवार को उस कमरे पर छापा मारा। जहां पुलिस ने दोनों को सिलेंडर में गैस भरते करते हुए रंगेहाथों पकड़ा। एसएचओ सारन इंस्पेक्टर वेदप्रकाश ने बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है।