जिले के स्पेशल स्टाफ ने आरोपी महिला को दल्लूपुरा, न्यू अशोक नगर इलाके से दबोचा है। पुलिस पूनम से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। महिला ने बताया है कि उसे पुलिस टीम की छापेमारी की भनक लग गई थी। अभी वह भागने की तैयारी कर ही रही थी कि पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूर्वी जिला के पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि वर्ष 2024 में मधु विहार में हुई एक हत्या के मामले में फरार चल रही पूनम की गिरफ्तारी के लिए टीम काफी समय से प्रयास कर रही थी। इस बीच वरिष्ठ अधिकारियों ने पूनम की तलाश कर उसे गिरफ्तार करने के आदेश दिए। स्पेशल स्टाफ को उसकी तलाश में लगा दिया गया।
इस बीच टेक्निकल सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर उसकी तलाश की गई। महिला से मिलने-जुलने वाले करीबियों से पूछताछ की गई। बुधवार को टीम को सूचना मिली कि पूनम दल्लूपुरा इलाके में छिपी हुई है। टीम ने छापेमारी कर उसे दबोच लिया। अब उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन की जा रही है।