वसंत विहार इलाके में गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने एक रियल एस्टेट कारोबारी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। गैंगस्टर ने पीड़ित कारोबारी को फोन कर उससे दो करोड़ रुपये की मांग की और पैसा नहीं देने पर हत्या करने की धमकी दी है। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस तकनीकी जांच कर फोन पर धमकी आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
पीड़ित कारोबारी अपने परिवार के साथ वसंत विहार स्थित एक अपार्टमेंट में रहते हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि वह अपने घर में मौजूद थे। इसी दौरान उनके फोन के व्हाट्सएप पर अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ बताया। उसने दो करोड़ रुपये का इंतजाम करने के लिए कहा। कारोबारी के पैसे नहीं होने की बात कहने पर फोन करने वाले ने उसे जान से मारने की धमकी दी। साथ ही अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने के लिए कहा।
उसके बाद आरोपी ने फोन काट दिया। उन्होंने बताया कि फोन आने के बाद वह काफी डरे हुए हैं। जिला पुलिस उपायुक्त रोहित मीना ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जिला के कई यूनिट को जांच की जिम्मेदारी दी गई है।
हरियाणा में लूटपाट करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने हरियाणा में लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बादली, झज्जर, हरियाणा निवासी विक्रम उर्फ मोनू और राकेश उर्फ सांड के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, तमंचा और आठ कारतूस बरामद किए हैं।
आरोपी विक्रम की हरियाणा पुलिस को काफी समय से तलाश थी। भिवानी में विक्रम के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी हुए थे। दोनों की गिरफ्तारी से हरियाणा के अलग-अलग स्थानों पर हुई लूट की छह वारदातों को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त सतीश कुमार ने बताया कि पिछले काफी समय से उनकी टीम लूटपाट की वारदातों में शामिल बदमाशों की तलाश में जुटी थी। इस बीच उनकी टीम को सूचना मिली कि विक्रम नामक बदमाश सेक्टर-14, द्वारका में आने वाला है। खबर मिलने के बाद फौरन एक टीम का गठन किया गया। टीम ने द्वारका से विक्रम और राकेश को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से अवैध पिस्टल, तमंचा व कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान उन्होंने लूटपाट की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। दोनों आरोपी गांव के सरकारी स्कूल से 12वीं कक्षा पास है। विक्रम ने गांव के संदीप नामक बदमाश के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देना शुरू किया। उसके खिलाफ दिल्ली व हरियाणा में कई मामले दर्ज हैं।