बदमाश गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : Social Media (File Photo)
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शकील-सत्ते गिरोह के शातिर बदमाश बिहार निवासी धनंजय उर्फ बारूद (31) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ 65 मुकदमे दर्ज हैं। दिल्ली पुलिस ने धनंजय की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा था।
ये भी पढ़ें- दिल्ली: खाने में नमक ज्यादा होने के कारण पति ने पत्नी पर चाकू से किया हमला, गिरफ्तार
स्पेशल सेल के डीसीपी प्रमोद कुमार कुशवाह के अनुसार आरोपी ने हाल ही में लक्ष्मी नगर, शकरपुर और बदरपुर में लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। स्पेशल सेल में तैनात इंस्पेक्टर शिवकुमार को सूचना मिली थी कि धनंजय लाल कुंआ, गाजियाबाद, यूपी में कहीं छिपा हुआ है। एसीपी अत्तर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर शिव कुमार, एएसआई चंदवीर, हवलदार जुग्रू त्यागी और विपिन त्यागी की विशेष टीम बनाई गई।
टीम ने 13 अगस्त को धनंजय को श्रीराम धर्मकांटा, लाल कुंआ, गाजियाबाद से उस समय गिरफ्तार किया जब वह किसी से मिलने आया था। धनंजय के खिलाफ हत्या के प्रयास के दो, डकैती व रॉबरी के 30, झपटमारी के 12, चोरी के पांच, आर्म्स एक्ट के पांच सहित कुल 65 मुकदमे दर्ज हैं। दिल्ली में यह मामले पिछले 13 वर्षों में दर्ज हुए हैं।
धनंजय पिछले सात वर्षों से शकील-सत्ते गिरोह से जुड़ा हुआ है। वह वर्ष 2014 में भी शकील के साथ 39 मामलों में गिरफ्तार हुआ था। शकील को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो महीने पहले गिरफ्तार किया था। वह सत्यप्रकाश उर्फ सत्ते का साला है। सत्यप्रकाश के खिलाफ 70 से अधिक मामले दर्ज हैं। सत्यप्रकाश को साहिबाबाद पुलिस ने वर्ष 2007 में चोरी के मामले में पहली बार गिरफ्तार किया था।