आंधी-बारिश की वजह से आए बिजली फाल्ट के चलते प्रताप विहार स्थित गंगाजल प्लांट ठप हो गया। रविवार से नोएडा और टीएचए की कालोनियों को गंगाजल नहीं मिल रहा।
टीएचए की करीब 6 लाख की आबादी इससे प्रभावित है। सोमवार देर शाम तक प्लांट चालू नहीं हो पाया था। ऐसे में मंगलवार को भी नोएडा और टीएचए की कालोनियों में पेयजल संकट रहेगा।
रविवार सुबह आंधी के साथ हुई बारिश की वजह से प्लांट को सप्लाई देने वाली 33 केवी विद्युत लाइन में फाल्ट आ गया। पावर कारपोरेशन के अधिकारियों ने लाइन का फाल्ट ठीक किया तो गंगाजल प्लांट के विद्युत उपकरण (सीटी) फुंक गए।
33 केवी की लाइन ठीक होने के बावजूद प्लांट चालू नहीं हो पाया। देर शाम गंगाजल प्लांट के इलेक्ट्रिक इंजीनियर और कर्मचारी फाल्ट को ठीक करने में जुटे रहे।
पावर सप्लाई ठप हो जाने से रविवार की शाम और सोमवार को दिनभर नोएडा व टीएचए को गंगाजल नहीं मिल सका।
गंगाजल प्लांट के प्रभारी आरके अग्रवाल ने बताया कि फाल्ट को ठीक करने में कर्मचारी लगे हुए हैं, देर रात तक प्लांट चालू कर लिया जाएगा। प्लांट चालू होने के बाद गंगाजल ट्रीटमेंट का काम शुरू कर दिया जाएगा।
हालांकि देर रात प्लांट चालू हो भी गया तो मंगलवार सुबह के समय टीएचए और नोएडा की कालोनियों को पूरी आपूर्ति नहीं मिल पाएगी। मंगलवार की शाम से आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।