दिल्ली के सुभाष प्लेस इलाके में रविवार तड़के राजधानी के दो गैंगस्टर नीरज बवाना और नीतू दबोदिया गैंग के सदस्यों का आमना सामना हो गया। दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे पर जमकर गोलीबारी हुई।
जिसमें नीतू दबोदिया गैंग का अनिल उर्फ लीला (23) की गोली लगने से मौत हो गई। जबकि दोनों पक्षों की ओर से तीन लोग जख्मी हो गए। जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद तीन बदमाश भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। घटनास्थल से पुलिस को एक पजेरो कार, आईटेन कार, दो पिस्टल और कई राउंड कारतूस मिले हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त एन संबंदन ने बताया कि प्रॉपर्टी विवाद को लेकर दोनों गैंग रविवार तड़के तीन बजे सुभाष प्लेस के रोड संख्या 44 के पास आमने सामने आ गए। इन गैंगों के बीच पहले से रंजिश चल रही है।