दिवाली नजदीक आते ही बाजारों में पैक्ड मिठाइयाें की बाढ़ सी आ गई है। डिपार्टमेंटल स्टोर के साथ ही दुकानों के बाहर स्टॉल लगा कर दुकानदार पैक्ड मिठाइयां, चॉकलेट, नमकीन, बिस्किट के पैक बेच रहे हैं।
लेकिन पिछली बार पैक्ड मिठाई और अन्य सामानों के खराब निकलने के कारण लोग सतर्क हो गए हैं। इसलिए इस बार खरीदने से पहले उनकी जांच-पड़ताल अवश्य कर लें।
पिछले वर्ष इंदिरापुरम और कौशांबी स्थित प्रतिष्ठित मिष्ठान भंडार में पैक्ड मिठाइयों में फफूंदी मिली थी। लोगों की शिकायत के बाद अधिकारियों ने मिठाइयों की जांच की थी।
लोगों का कहना है कि दिवाली पर मिलावट को देखते हुए प्रतिष्ठित मिष्ठान भंडारों पर भरोसा रहता है, लेकिन यहां की मिठाइयां भी खराब निकलती हैं। इससे बेहतर है कि घर पर ही मिठाई बना ली जाए।
वसुंधरा सेक्टर-17 निवासी ज्योति ने बताया कि पिछली बार मेहमानों को दी गई मिठाइयों में फफूंदी निकली थी। जबकि अच्छी दुकान से पैक्ड मिठाई खरीदी थी। दुकानदार के पास जाने पर उसने मिठाई खराब होने से मना कर दिया था।