मुख्यमंत्री ने डीबीटी की शुरुआत की, 24 निगम स्कूल बनेंगे निगम श्री विद्यालय
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए सरकारी और निजी संस्थाओं को मिलकर काम करना होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को टैगोर गार्डन स्थित एमसीडी के प्राथमिक विद्यालय में यह बात कही। इस दौरान उन्होंने एमसीडी के करीब 5.25 लाख विद्यार्थियों के बैंक खातों में 1370 रुपये की राशि भेजने की शुरुआत की।
यह राशि स्कूल यूनिफॉर्म और बैग खरीदने के लिए डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है। डीबीटी के तहत 1250 रुपये स्कूल यूनिफॉर्म और 120 रुपये स्कूल बैग के लिए निर्धारित हैं। रेखा गुप्ता ने कहा कि निजी संस्थाओं के सहयोग से विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं मिलती हैं। उन्होंने ओरेकल और सार्ड जैसी संस्थाओं के योगदान का उल्लेख किया। गैर-सरकारी संस्था सार्ड ने प्राथमिक विद्यालयों के लिए साइंस ऑन व्हील्स बस उपलब्ध कराई है। आईडीबीआई बैंक ने निगम स्कूलों को सीएसआर के तहत 1500 कंप्यूटर प्रिंटर भी दिए हैं।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों ने विद्यालय परिसर में आर्यभट्ट विज्ञान संग्रहालय का निरीक्षण किया। यहां विद्यार्थियों के लिए विज्ञान मॉडल, प्रोजेक्टर और 3डी इमर्सिव लैब जैसी सुविधाएं हैं। इस अवसर पर पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, उपमहापौर मोनिका पंत, नेता सदन जय भगवान यादव, निगम आयुक्त संजीव खिरवार भी उपस्थित रहे।
निगम श्री विद्यालय योजना
महापौर प्रवेश वाही ने बताया कि एमसीडी के 24 उन्नत प्राथमिक विद्यालयों को निगम श्री विद्यालय के रूप में विकसित करेगी। यह पीएम श्री और सीएम श्री विद्यालयों की तर्ज पर होगा। इन विद्यालयों में आधुनिक तकनीक और बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं पर जोर दिया जाएगा। टैगोर गार्डन स्थित विद्यालय भी इस योजना में शामिल है।