-बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी एरिया की वारदात, छात्रा एक दुकान पर भागकर मदद की गुहार लगाती दिखी, लोगों को अपनी ओर आता देखकर आरोपी हुए मौके से फरार
-बाद में परिजनों ने पुलिस थाने जाकर की शिकायत, पुलिस ने तीनों आरोपी लड़कों को पकड़ा
-तीनों ही लड़के नाबालिग, छात्रा पर दोस्ती करने का बना रहे थे मना करने पर पहले पीटा, फिर चाकू मारने का किया प्रयास
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में आठवीं कक्षा की छात्रा पर सरेराह चाकू से हमले के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें छात्रा एक दुकानदार से मदद मांगती हुई दिख रही है। भीड़ को देखते ही आरोपी मनचले लड़के बाइक पर सवार होकर मौके से भाग निकले। बाद में छात्रा के परिजन सुल्तानपुरी थाने पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर तीनों ही आरोपी नाबालिगों को पकड़ लिया। तीनों 15 से 16 साल के बीच के थे। इनके खिलाफ कार्रवाई की गई। परिजनों ने घटना को लेकर ऐतराज जताया है। परिजनों ने कहा कि आरोपी लड़के छात्रा पर दोबारा हमला कर सकते हैं।
जानकारी के अनुसार 13 साल की छात्रा परिवार संग अमन विहार इलाके में रहती हैं। वह एरिया के एक सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा है। शनिवार दोपहर स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह अपनी सहेलियों के साथ वापस घर लौट रही थी। इस बीच बाइक सवार तीन लड़कों ने उसे रोककर दोस्ती करने के लिए कहा। मना करने पर एक युवक ने उसे थप्पड़ मार दिया। बाद में वह उस पर चाकू से हमला करने लगा। छात्रा ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। इस बीच वह परचून की एक दुकान पर पहुंची। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में वह मदद मांगते हुए कैद हुई। छात्रा के कहने पर जब आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो वह भाग गए। बाद में छात्रा अपने घर पहुंचीं और उसने पिता को सारी बात बताई। परिजन छात्रा को लेकर थाने पहुंचे। बाद में आरोपी लड़कों को उनके घर से दबोच लिया। उनके माता-पिता को बुलाया। आरोपी अपनी गलती मान रहे थे। वहीं छात्रा के परिजनों ने डर जताया है कि आरोपी दोबारा भी उनकी बेटी पर हमला कर सकते हैं।