अलीपुर इलाके में घर से बुलाकर दोस्तों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली उसके हथेली में लगी है। बीच बचाव करने पर हमलावरों ने उसके चाचा को भी पीटा और हवा में फायरिंग करते हुए फरार हो गए। शुरुआती जांच में रंजिश की बात सामने आयी है। पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घायल युवक की पहचान जतिन (23) के रूप में हुई। वह अपने परिवार के साथ खेड़ाकलां गांव में रहता है। जतिन ने पुलिस को बताया कि 25 दिसंबर की रात वह अपने घर में मौजूद था।
इसी दौरान उसके पास खेड़ाकलां गांव निवासी उसके दोस्त अंकित का फोन आया। अंकित ने उसे बताया कि बेरीवाला बाग के पास उसका झगड़ा हो गया है। यह सुनते ही जतिन अपने चाचा सतीश (32) के साथ बाइक से बेरीवाला बाग के पास पहुंचा जहां पहले से उसका दोस्त खेड़ाकलां निवासी अंकित, अंशु, रितिक और चेतन मौजूद थे।
जतिन को देखते ही रितिक ने अंशु से उसे गोली मारने के लिए कहा। अंशु ने पिस्टल निकालकर उस पर गोली चला दी। बचाव करने के दौरान गोली जतिन के हथेली पर लगी और पार हो गई। इतने में चेतन ने सतीश को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
गोली लगने से घायल होने के बावजूद जतिन और सतीश ने आरोपियों को दबोचने की कोशिश की लेकिन आरोपी हवा में गोली चलाते हुए फरार हो गए।
परिजनों ने जतिन को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।