बवाना इलाके में शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी के बाद दोस्तों ने की थी आरटीवी के कंडक्टर की हत्या। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले को सुलझाने का दावा किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर जांच में जुटी है।
बाहरी नार्थ जिला पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा ने बताया कि बीते बुधवार को पुलिस को औचंदी गांव के एक खेत में एक व्यक्ति के शव पड़े होने की जानकारी मिली। मृतक की पहचान औचंदी गांव निवासी राजकुमार के रूप में हुई। वह आरटीवी में बतौर कंडक्टर काम करता था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मंगलवार रात राजकुमार अपने गांव के रहने वाले तीन दोस्त इंद्रजीत, अनिल और सोनू के साथ देखा गया था। पुलिस ने सूचना के आधार पर तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि मंगलवार रात सभी राजकुमार के साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनका राजकुमार से किसी बात पर कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर आरोपियों ने गमछा से गला घोटकर उसकी हत्या कर दी और शव को खेत में फेंककर फरार हो गए।