फरीदाबाद के सेक्टर-21डी में मृत मिले दुकानदार की हत्या की गुत्थी क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने सुलझा ली है। दुकानदार के दोस्त ने ही उसे मौत के घाट उतारा था। मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलने को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ था। फोन न दिखाने के कारण आरोपी ने सिर में ईंट मारकर दोस्त की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर दो दिन की रिमांड पर लिया है।
क्राइम ब्रांच डीएलएफ प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश ने बताया आरोपी की पहचान बड़खल निवासी शोएब के रूप में हुई है। मृतक इमरान को घायल अवस्था में लेकर शोएब ही अस्पताल में गया था। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मामले की जानकारी पाकर एनआईटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता और क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम मौके पर गई। क्राइम ब्रांच प्रभारी राकेश कुमार की अगुआई में एसआई अनिल कुमार, कप्तान, एएसआई कुलदीप व अन्य की टीम ने आरोपी को बड़खल गांव से गिरफ्तार कर लिया।