प्रसाद नगर इलाके में सोमवार रात नशे में गाली- गलौज करने पर एक युवक ने अपने दोस्त की कैंची मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कैंची बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मोहम्मद मुस्ताक(30) के रूप में हुई। वह मूलत: सीवान, बिहार का रहने वाला था। वह बापा नगर में अपने तीन दोस्तों के साथ रहता था और तीनों एक कपड़ा सिलाई की फैक्टरी में काम करते थे। सोमवार रात काम खत्म करने के बाद मोनू और मुस्ताक शराब पीने के लिए झील पार्क गए। जहां दोनों की नशे में किसी बात पर कहासुनी हो गई।
मोनू दौड़कर फैक्टरी गया और फिर वहां से कैंची लेकर मुस्ताक के पास पहुंचा और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। घटना को अंजाम देकर आरोपी वहां से फरार हो गया। राहगीर से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने मुस्ताक को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे बापा नगर इलाके में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गाली गलौज करने पर उसने मुस्ताक की हत्या की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।