शाहदरा इलाके के बलबीर नगर में लावारिस कुत्तों को खाना खिलाने से नाराज पड़ोसी युवक ने दंपती और बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर दिया। उसने महिला से छेड़छाड़ भी की। तीनों को गंभीर हालत में जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या की कोशिश और छेड़छाड़ की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक, 32 वर्षीय पीड़ित बलबीर नगर में रहता है और सुंदर नगरी में मेडिकल स्टोर चलाता है। 20 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे वह 30 वर्षीय पत्नी के साथ गली में लावारिस कुत्तों को खाना दे रहा था। नशे में धुत्त पड़ोसी सुरेंद्र शर्मा पालतू कुत्ते को लेकर वहां पहुंचा। लावारिस कुत्ते उसे देखकर भौंकने लगे तो सुरेंद्र ने युवक से कुत्तों का खाना छीनकर फेंक दिया।
वह कुत्तों को मारने लगा तो पीड़ित ने विरोध किया। सुरेंद्र ने दंपती से बदसलूकी की और महिला से छेड़छाड़ शुरू कर दी। पीड़ित के बुजुर्ग पिता बीच-बचाव करने आए तो सुरेंद्र ने बदसलूकी की। कहासुनी के बाद वह चला गया।
आरोप है कि कुछ देर बाद सुरेंद्र शर्मा अपने पिता और कुछ लड़कों के साथ वहां पहुंचा। उसने दंपती और बुजुर्ग पिता पर चाकू से हमला कर दिया। महिला के पेट में चाकू मारा, जबकि पति के शरीर में कई जगह चाकू से वार किए।