फर्जी वोटर कार्ड बनवाने के मामले में खेल राज्यमंत्री सुखबीर कटारिया की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। कोर्ट के आदेश के बाद उनके खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज की गई है। बता दें कि फर्जी वोटर कार्ड बनवाने के मामले में खेल राज्यमंत्री के खिलाफ यह नौवीं एफआईआर है।
इनके अलावा 11 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें कई बड़े अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। सेक्टर पांच थाना में खेल राज्यमंत्री सुखबीर कटारिया, कानूनगो देवेंद्र सिंह, धर्मेंद्र, विद्या देवी, प्रीति, दीपक, गुड्डी, प्रदीप राठी, कीर्ति, चंद्रवती, कृष्णा राठी, कृष्ण कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले की जांच एसआईटी पालम विहार को सौंपी गई है। उधर, शिकायतकर्ता ओपी कटारिया ने कहा है कि खेल राज्यमंत्री के खिलाफ नौ एफआईआर दर्ज होने के बाद भी उनकी गिरफ्तारी नहीं की जा रही है। इसे लेकर वे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर रहे हैं।