नार्थ-ईस्ट मुंबई से बीजेपी के सांसद डॉ. किरीट सौमेया ने मोबाइल कंपनी फ्रीडम-251 पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए फेस-3 थाने में फ्रीडम-251 मोबाइल बनाने का दावा करने वाली कंपनी रिंगिंग बेल प्राइवेट लिमिटेड व उसके मालिक और वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
डॉ. किरीट ने अपने दो पन्नों की विस्तृत शिकायत में कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। डॉ. सौमेया का कहना है कि कंपनी ने फ्रीडम-251 का इस तरह प्रचार-प्रसार किया, जिससे वह प्रतीत हो रहा है कि इस मोबाइल की लांचिंग प्रधानमंत्री के मेक इंडिया प्रोजेक्ट का हिस्सा है।
इतना ही नहीं मोबाइल के पीछे तिरंगे का प्रयोग किया गया है जिससे ग्राहक भ्रमित हो जाए और वह मान जाए कि यह प्रोजेक्ट भारत सरकार का ही है।बीजेपी सांसद की तरहीर पर फेस-3 थाने में रिंगिंग बेल कंपनी, कंपनी मालिक अमित गोयल और वरिष्ठ अधिकारी अशोक चड्ढा के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और 66 आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
एमपी ने कंपनी पर भ्रामक प्रचार करके और पीएम के मेक इन इंडिया प्रोजेक्ट के नाम का इस्तेमाल करके पैसा इकट्ठा किए जाने का आरोप लगाया है। एफआईआर में किरीट सौमेया ने आरोप लगाया है कि बिना लाइसेंस के विज्ञापन देकर और बुकिंग करके फर्जी स्कीम के माध्यम से करोड़ों रुपये उगाहे गए।
कंपनी का अभी अभी रजिस्ट्रेशन हुआ है और डायरेक्टर्स के पास कई जरूरी रजिस्ट्रेशन तक नहीं हैं। महज 251 रुपये में स्मार्टफोन उपलब्ध करवाना संभव ही नहीं है।
लिहाजा इसके पीछे ठगी करके करोड़ों रुपये की उगाही करके भागने की मंशा है। बीजेपी एमपी ने कंपनी के बैंक अकाउंट भी फ्रीज करने की पुलिस से अपील की है। साथ ही उन बायर्स का डेटा भी जुटाने की मांग की है, ताकि उन्हें उनका पैसा वापस दिलवाया जा सके।