साइबर ठगी के ट्रेंड्स
वर्क फ्रॉम होम... सोशल मीडिया के जरिये जुड़कर साइबर ठग वर्क फ्रॉम होम , लाइक एंड शेयर और पार्ट टाइम जॉब की बात कर लोगों को जाल में फंसाते हैं। शुरुआत में कुछ मुनाफा देकर लोगों से मोटी रकम निवेश करवा ली जाती है। मोटी रकम लेकर पीड़ितों का नंबर ब्लॉक कर दिया जाता है।
फेडेक्स कूरियर... फेडेक्स कूरियर के ठगी के मामले में साइबर ठग आपसे पार्सल में आपत्तिजनक चीजें भेजने की बात कर आपको डराते हैं। इसके बाद मुंबई पुलिस अधिकारी बनकर आपको डराया जाता है। बाद में डिजिटल अरेस्ट कर मोटी रकम ऐंठ ली जाती है।
विदेशी दोस्त बनकर... इस तरह के मामले में वैवाहिक वेबसाइट के जरिये शादी का झांसा देकर दोस्ती की जाती है। विदेश से महंगा गिफ्ट भेजने और फिर उसके कस्टम में फंसने का झांसा देकर आपसे रकम ऐंठी जाती है।
निवेश का झांसा... स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर आप से संपर्क किया जाता है, कई बार आपको ऑन लाइन ट्रेनिंग देकर मुनाफे वाले शेयर भी खरीदे जाते हैं, बाद में आपसे फर्जी वेबसाइट के जरिए निवेश करवा लिया जाता है।
अधिकारी बनकर ठगी... ऐसे मामलों में आरोपी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी या आईएएस अधिकारी बनकर फेसबुक, इंस्टाग्राम या किसी दूसरी साइट पर दोस्ती करते हैं, वहां घर का सामान सस्ते में बेचने का झांसा देकर रकम ऐंठी जाती है।
सेक्सटॉर्शन के नाम... अंजान नंबर से आपको वीडियो कॉल की जाती है। इसके बाद आपका अश्लील वीडियो बनाकर आपको ब्लैकमेल किया जाता है। बाद में आपको बदनाम करने की धमकी देकर आपसे मोटी रकम वसूल की जाती है।
गूगल सर्च के नाम पर ठगी... किसी भी कंपनी के कस्टमर केयर नंबर ढूंढने के लिए आप गूगल सर्च करते हैं, उस दौरान साइबर ठग आपसे संपर्क करके उस कंपनी का प्रतिनिधि बनकर बात करते हैं। बाद में आपको कोई एप डाउनलोड करवाकर आपका अकाउंट खाली कर लिया जाता है।