डाबड़ी इलाके में एक जालसाज ने पड़ोस में रहने वाले सार्जेंट अर्जुन चौरसिया से गहरी दोस्ती कर ली। दोस्ती इतनी गहरी थी कि आरोपी खुद को दुकानदार बताकर सामान खरीदने के लिए उनके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करने लगा। उसने खर्च किए पैसे जमा भी कर दिए।
जब पीड़ित को उस पर विश्वास हो गया तो जालसाज पीड़ित के कई कार्ड से 14 लाख रुपये निकाल कर परिवार सहित फरार हो गया। उसकी तलाश में पीड़ित जब उन लोगों के पास पहुंचा, जिनके पास उसका उठना बैठना था। वहां पता चला कि आरोपी एक शख्स से 16 तो दूसरे से 8 लाख रुपये लेकर फरार हुआ है। पुलिस धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है। अर्जुन चौरसिया परिवार के साथ राजापुरी इलाके में रहते हैं। वह पिछले 14 साल से पालम स्थित एयरफोर्स स्टेशन में बतौर सार्जेंट काम कर रहे हैं। उन्होंने 14 मार्च को डाबड़ी थाने में ठगी की शिकायत की, जिसमें बताया कि पिछले साल फरवरी में उनके पड़ोस में तमन कुमार टंडन नाम का व्यक्ति परिवार के साथ किराए पर रहने आया। परिवार में उसके माता-पिता, दो भाई, दो बहन, पत्नी और एक बच्चा था।
पड़ोसी होने के नाते उनकी तमन से जान पहचान हुई। तमन ने बताया कि उसका गुरुग्राम में इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है। उन्होंने बताया कि जुलाई 2023 में तमन ने फोन खरीदने के लिए उनसे एचडीएफसी बैंक का क्रेडिट कार्ड मांगा। फोन 1.20 लाख का था। कार्ड में बैलेंस नहीं होने की वजह से उन्होंने कार्ड देने से मना कर दिया। एक माह बाद उसने फिर से दुकान का सामान खरीदने के लिए कार्ड मांगा और बताया कि कार्ड से सामान लेने पर एक माह का समय मिल जाता है। पैसे आते ही वह जमा कर देगा।
सारे पैसे पत्नी के बैंक खाते में जमा कराए
पीड़ित का आरोप है कि अक्तूबर माह में आरोपी ने उनके चार-पांच क्रेडिट कार्ड लेकर करीब 14 लाख रुपये खर्च किए। उसने बताया कि वह नवंबर माह में पैसे का भुगतान कर देगा। इसी बीच अर्जुन अपनी मौसी की बेटी की शादी में शामिल होने चले गए। वहां से 26 नवंबर को आने के बाद वह तमन के घर गए। जहां दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। मकान मालिक को उसके कहीं जाने के बारे में जानकारी नहीं थी। उन लोगों ने दरवाजा खोला तो कमरे में एक अलमारी और दो बेड के अलावा कुछ नहीं मिला। उसके बाद अर्जुन मेडिकल स्टोर पर पहुंचे, जहां तमन अक्सर जाता था। उसके मालिक अंकित ने बताया कि वह तमन की तलाश कर रहा है, क्योंकि वह उसका 16 लाख रुपये की ठगी कर भाग गया है। अंकित ने बताया कि आरोपी कंप्यूटर की दुकान चलाने वाले दीपक शर्मा के भी 8 लाख रुपये लेकर फरार हुआ है। शुरुआती जांच में पता चला है कि तमन ने सारे पैसे अपनी पत्नी के बैंक खाते में जमा किए हैं। पुलिस तकनीकी जांच कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।