हैकर्स ने एक व्यक्ति से उसके बैंक खाते और एटीएम की डिटेल लेकर इंटरनेट के जरिए सारी रकम निकाल ली। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
सेंट्रल थाना क्षेत्र निवासी सुबेग सिंह को 10 फरवरी की सुबह एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक का मैनेजर बताते हुए कहा कि उनके एटीएम कार्ड को ब्लॉक किया जा रहा है।
बताया कि उन्हें नया एटीएम कार्ड और पिन दिया जाएगा। इसके बाद ही वह धन निकाल सकेंगे। कार्ड ब्लॉक करने के लिए फोन करने वाले ने उनसे पिन नंबर पूछा। उन्होंने पिन नंबर बता दिया।
इसके थोड़ी देर बाद ही उनके फोन में खाते से रुपये निकाले जाने के मैसेज आने लगे। हैकर्स ने उनके खाते से 29,000 रुपये निकाल लिए। उन्होंने बताया कि खाते में सौ रुपये से भी कम ही बचे हैं।
जांच के नाम पर कई दिनों तक थाने से वापस करने के बाद सेंट्रल थाना पुलिस ने सोमवार की शाम केस दर्ज कर लिया। एसएचओ सेंट्रल ने बताया कि हैकर्स की तलाश के लिए साइबर सेल से मदद ली जा रही है।