सिंगापुर और रूस में नौकरी लगवाने के नाम पर 60 युवकों से 40 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। बुधवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर सभी युवकों को बुलाया गया था। जब वहां युवक पहुंचे तो फर्जीवाड़े का पता चला। इसके बाद नाराज युवक सेक्टर-2 स्थित कंपनी के दफ्तर पहुंचे और दो कर्मचारियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- रेलवे और सेना में नौकरी का झांसा देकर 27 लाख ठगे, मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, गोपालगंज, बिहार निवासी राजेश कुमार ने बताया कि कुछ महीने पहले फेसबुक पर नोएडा सेक्टर-2 स्थित एएसआर ग्लोबल इंटरनेशनल का विज्ञापन देखा था। इसमें विदेशों में नौकरी लगवाने का ऑफर था। राजेश ने कंपनी में संपर्क किया। कंपनी की तरफ से बताया गया कि वे सिंगापुर और रूस नौकरी के लिए भेजते हैं।
उनकी कंपनी दूसरी एजेंसियों से कम पैसा लेती है। इसके बाद राजेश ने अपना बायोडाटा कंपनी को भेजा। कंपनी की तरफ से बताया गया कि उनका बायोडाटा रूस के लिए चयनित किया गया है। राजेश 22 जुलाई को नोएडा ऑफिस पहुंचे। यहां कंपनी मालिक सूर्या राय, मीनाक्षी, फातिमा, किरण, अफजल, और आरिफ आदि से मुलाकात हुई। वहां ऑफिस में कुल 60 युवक मौजूद थे जिन्हें रूस व सिंगापुर भेजना था। इसके बाद सभी युवकों से मेडिकल के नाम पर पांच-पांच हजार रुपये जमा करा लिए गए।
सभी युवकों का पासपोर्ट भी जमा करा लिया गया। सभी को बताया गया कि 15 अगस्त तक वीजा मिल जाएगा। इसके बाद सभी को पैसे देने होंगे। 15 अगस्त को 60 युवकों को व्हाट्स एप के जरिये वीजा भेजा गया और बताया गया कि 21-22 अगस्त को दिल्ली एयरपोर्ट से फ्लाइट है। इसके बाद वीजा मिलने के बाद सभी युवकों से 50 हजार रुपये से लेकर 1.50 लाख रुपये तक खाते में पैसे जमा करा लिए गए।
कंपनी की तरफ से मिले वीजा के आधार पर युवक 21 अगस्त को दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे तो वहां कंपनी का कोई आदमी नहीं मिला। फोन किया गया तो 22 अगस्त को फ्लाइट होने की बात कही गई। इससे युवकों को शक हुआ तो सभी सेक्टर-2 स्थित कंपनी आ गए। वहां पर मीनाक्षी और अफजल अली मौजूद थे। इनसे पासपोर्ट मांगने पर उन्होंने बताया कि सभी का पासपोर्ट आरिफ के पास हैं। इसके बाद युवकों ने हंगामा कर दिया और मीनाक्षी व अफजल को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सारा सामान लेकर दिनभर रहे थाने पर
ठगी के शिकार हुए अधिकतर युवक बिहार के रहने वाले हैं। सभी युवक सारा सामान पैक करके आए थे। ठगी का पता चलने के बाद युवक अपना-अपना बैग लेकर दिनभर थाने पर रहे। पुलिस वाले पहले कोई कार्रवाई नहीं कर रहे थे बाद में युवकों के रोष व मीडिया में मामला आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।