फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi : वृद्धा का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर प्रॉपर्टी पर लिया 90 लाख का लोन, छानबीन शुरू

Sun, 26 Nov 2023 06:47 AM IST
दुष्यंत शर्मा शुजात आलम, नई दिल्ली

सार

पीड़ित परिवार को इसका पता तब चला जब एक निजी बैंक के अधिकारी घर पहुंचे और नोटिस लगाकर मकान को सील करने की कार्रवाई शुरू की।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में एक बुजुर्ग महिला का फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाकर उसके 300 गज के मकान पर 90 लाख का लोन लेने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार को इसका पता तब चला जब एक निजी बैंक के अधिकारी घर पहुंचे और नोटिस लगाकर मकान को सील करने की कार्रवाई शुरू की। इस मामले में पीड़ित परिवार ने हंसराज, अमरजीत और इनकी पत्नियों निशा और रजनी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। बुजुर्ग ने सब रजिस्ट्रार कार्यालय और बैंक के अधिकारियों पर भी मिलीभगत के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। 

विज्ञापन


बुजुर्ग राजेश्वरी परिवार के साथ गामड़ी गांव में रहती हैं। इनके परिवार में बेटे राहुल के अलावा तीन बेटियां अंजू, मंजू व रितु हैं। इनके पति बाबूराम की सात मार्च 2010 को मौत हो गई थी। इसके अलावा इनके बड़े बेटे राजकुमार की भी चार फरवरी 2020 को मौत हो चुकी है। परिवार का गली नंबर-25, भजनपुरा में 300 गज का एक मकान है। इस प्रॉपर्टी में तीनों बेटियों के अलावा दो बेटों के परिवार और खुद राजेश्वरी हिस्सेदार हैं। वर्ष 2017 में अचानक एक निजी बैंक के अधिकारी इनकी प्रॉपर्टी को सील करने पहुंच गए। छानबीन में पता चला कि किसी अमरजीत व हंसराज नामक व्यक्तियों ने इनकी प्रॉपर्टी के फर्जी कागजात तैयार कर 90 लाख का लोन ले लिया।

इसके लिए पहले सब रजिस्ट्रार ऑफिस के कर्मचारियों के साथ मिलकर राजेश्वरी का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया गया। प्रॉपर्टी के फर्जी कागजात में उसके बेटे राजकुमार, राहुल व बेटी अंजू को मालिक दिखाकर फर्जी सेल डीड बनवाकर उसे अमरजीत व हंसराज की पत्नियों निशा और रजनी के नाम किया गया। बाद में इसके आधार पर लोन प्राप्त कर लिया गया। लोन लेने के बाद आरोपी गायब हो गए। 
विज्ञापन


उन्होंने लोन की किस्त नहीं भरी। लोन न चुकाने पर बैंक अधिकारी मकान को सील करने के लिए पहुंच गए। बुजुर्ग महिला और उनका परिवार अपनी प्रॉपर्टी को बचाने के लिए चक्कर काटते रहे। बैंक ने उनके मकान की एक फ्लोर को सील भी कर दिया। अब इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रुपये न लौटाने पड़ें, इसलिए खुद पर ही चलवा ली गोली
कर्ज लेने के बाद उसे वापस न करने के लिए एक व्यक्ति ने खुद पर अपने ही भतीजे से गोली चलवा ली। बाद में उसने पीसीआर कॉल कर दी।  सूचना मिलने के बाद उत्तर-पूर्वी दिल्ली की नंद नगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया। जांच के चंद ही घंटों बाद हकीकत का पता चल गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुंदर (43) और इसके भतीजे हिमांशु उर्फ अंशु (19) को गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल तमंचा और खोखा भी तालाब से बरामद कर लिया गया। 

पूछताछ के दौरान आरोपी सुंदर ने बताया कि उसने कर्जदाता को फंसाने के लिए पूरी साजिश रची थी। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। शुक्रवार सुबह करीब 6.13 बजे नंद नगरी थाना पुलिस को एक कॉल मिली थी। कॉल ताहिरपुर स्थित तालाब के पास से की गई थी। पुलिस वहां पहुंची तो वहां सुंदर जख्मी हालत में मिला। उसके हाथ में गोली लगी थी। घटना स्थल पर पुलिस को सुंदर का भतीजा भी मिला। सुंदर को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि सुबह के समय वह ताहिरपुर स्थित तालाब में मछलियों का खाना खिला रहा था। इस बीच पीछे से आए व्यक्ति ने पहले उसके साथ गाली-गलौज की। बाद में उस पर गोली चलाकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मामला कुछ संदिग्ध लगा। भतीजे अंशु से पूछताछ करने पर वह टूट गया। उसने बताया कि चाचा सुंदर ने ही उससे खुद पर गोली चलवाई थी।

 गोली को जानबूझकर हाथ ऊपरी हिस्से पर मारा गया था। घटना स्थल पर एक खोखा भी डाला गया। बाद में तमंचे को वहीं तालाब में डाल दिया गया। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. जॉय टिर्की ने बताया कि पुलिस ने हिमांशु की निशानदेही पर तमंचा बरामद कर लिया है। सुंदर ने बताया कि उसने किसी से कर्जा लिया हुआ था। वारदात में उसे फंसाने के लिए सारी साजिश रची गई।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें