दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में 2.4 मिलियन डॉलर (16 करोड़ रुपये) वसीयत में देने की बात कर एक व्यक्ति से 50 लाख रुपये ठगी की गई। खुद को लंदन में रहने वाली बताकर एक महिला ने पीड़ित को एसएमएस भेजकर अपने जाल में फंसाया। इसके बाद अपने गिरोह के साथ मिलकर पीड़ित से अलग-अलग मदों में 50 लाख रुपये ऐंठ लिए। शिकायत पर न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित गणेश दुबे परिवार के साथ वसुंधरा एंक्लेव रहते हैं। उन्होंने बताया कि करीब एक साल पूर्व उनके मोबाइल पर एक महिला ने एसएमएस भेजा, जिसने अपना नाम मैडम ग्रेस बताकर पीड़ित से कहा कि वह अपनी 2.4 मिलियन की प्रॉपर्टी की वसीयत उसके नाम करना चाहती है। मैडम ग्रेस ने मैसेज में अपना ई-मेल एड्रेस भी दिया था।
गणेश ने उस मेल के जरिये मैडम ग्रेस से संपर्क किया तो उसने बताया कि उसका दुनिया में कोई नहीं है। पीड़ित का मोबाइल नंबर भी उसने अचानक लिया है। वह स्टेंडर्ड चार्टेड बैंक के जरिये उसे यह रकम दे देगी। वसीयत के लिए उसे बैरिस्टर जेम्स टेलर से संपर्क करना होगा। बात चल ही रही थी कि गणेश के ई-मेल पर बैरिस्टर जेम्स का मेल आ गया।
उसने कहा कि यदि वसीयत अपने नाम करानी है तो लंदन की कुछ औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। इस दौरान स्टेंडर्ड चार्टेड बैंक का मैनेजर बनकर भी गणेश के पास किसी ने कॉल किया। विश्वास जीतकर आरोपियों ने गणेश से धीरे-धीरे 50 लाख रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद भी वह टैक्स चुकता करने के नाम पर 21 हजार यूएस डॉलर मांगे। गणेश को शक हुआ तो उसने पुलिस को सूचना दी। आरोपी कौन है और कहां के हैं, पुलिस इसकी जांच कर रही है।