बैंकों से हजारों करोड़ रुपये का कर्ज लेकर विदेश चले गए उद्योगपति और किंगफिशर के पूर्व चेयरमैन विजय माल्या और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ नगर कोतवाली में कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कैलाशपुरी निवासी आकाश शर्मा पुत्र राजेंद्र शर्मा पेशे से पायलट हैं। राजेंद्र ने बताया कि उनके बेटे ने विजय माल्या की कंपनी किंगफिशर एयरलाइंस में अगस्त 2012 से नवंबर 2014 तक बतौर पायलट नौकरी की थी।
कंपनी ने इस दौरान तनख्वाह देने में आनाकानी की। इस पर आकाश ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में विजय माल्या और कंपनी के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी संजय अग्रवाल के खिलाफ परिवाद दर्ज करा दिया। काफी कोशिशों के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था।