मां को ब्यूटी पार्लर भेजकर पड़ोसन ने पति और भतीजे के साथ मिलकर 14 दिन के बच्चे का अपहरण कर लिया। आरोपी बच्चे को लखनऊ बेचने जा रहा था। पुलिस ने बाबूगढ़ रेलवे स्टेशन से आरोपी को पकड़कर बच्चे को बरामद कर लिया।
एसपी सिटी श्लोक कुमार ने बताया कि मूलरूप से आगरा निवासी टिंकू अपनी पत्नी रूबी के साथ कोटगांव में रहता है। 14 दिन पहले रूबी को बेटा हुआ था। उसके बगल के मकान में बाराबंकी निवासी सत्यवती पत्नी सनद किराए पर रहती है।
सत्यवती ने प्लानिंग की कि रूबी का बच्चा चोरी करके मोटी रकम पर बेचा जा सकता है। उसने फोन कर भतीजे आशीष को बाराबंकी से बुलाया।
सोमवार दोपहर दो बजे उसने रूबी यह कहकर ब्यूटी पार्लर जाने को बोला कि उसका चेहरा बहुत खराब हो रहा है। अगर वह फेशियल करा लेगी तो सही रहेगा। वह बच्चे का ध्यान रख लेगी।
रूबी के जाते ही सत्यवती की मदद से आशीष बच्चे को लेकर गायब हो गया। जब रूबी घर लौटी तो सत्यवती ने बहाने बनाने शुरू कर दिए। कोतवाली पुलिस की जांच में आरोपी आशीष के मोबाइल की लोकेशन बाबूगढ़ रेलवे स्टेशन पर मिली। सूचना पर वहां की पुलिस उसे बच्चे सहित पकड़ लिया।