पश्चिम दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में बुधवार देर रात एक रेस्टोरेंट की लिफ्ट में चार युवक फंस गए। चारों ने इमरजेंसी अलार्म बजाकर मामले की सूचना रेस्टोरेंट कर्मचारियों को दी। काफी प्रयास के बाद जब लिफ्ट नहीं खुली तो मामले की सूचना पुलिस के अलावा दमकल विभाग को दी गई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह लिफ्ट को खोलकर लड़कों को बाहर निकाला गया। दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बृहस्पतिवार को ट्वीट कर अपने स्टाफ की तारीफ की।
पुलिस के मुताबिक पंजाबी बाग इलाके में क्लब रोड पर एआईआर (एयर) नामक रेस्टेरमेंट है। बुधवार को अंकित, विपिन, अमित और सागर नामक युवक रेस्टोरेंट में खाना खाने आए थे। इस दौरान उन्होंने ऊपर जाने के लिए लिफ्ट का इस्तेमाल किया। लेकिन किसी वजह से लिफ्ट में तकनीकी खराबी आ गई और वह बीच में रुक गई। चारों ने लिफ्ट को चलाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह नहीं चली। इमरजेंसी अलार्म बजाकर स्टाफ को सूचित किया गया।
लेकिन उसके बाद भी लिफ्ट को नहीं खोला जा सका। इस बीच 11.45 बजे पुलिस को खबर दी गई। पीसीआर के अलावा लोकल पुलिस स्टाफ वहां पहुंच गया। पुलिस के आने पर भी बात नहीं बनी तो रात 12.10 बजे पुलिस को खबर दी गई। दमकल कर्मियों ने किसी तरह 1.40 बजे चारों युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया। इस दौरान लड़कों के परिजन भी वहां पहुंच गए। सभी ने दमकल कर्मियों व पुलिस का धन्यवाद दिया।