दिल्ली से सटे गाजियाबाद को चार और नए थानों का तोहफा मिल सकता है। एसएसपी ने प्रपोजल तैयार कर शासन को भेज दिया है, जिसमें सिहानी गेट, साहिबाबाद, विजयनगर और इंदिरापुरम क्षेत्र में एक-एक थाना और खोले जाने की जरूरत बताई है।
उम्मीद है शासन से इसकी अनुमति मिल जाएगी। जनपद में महिला थाने समेत 14 थाने हैं और करीब 40 लाख की आबादी पर 4500 पुलिसकर्मी हैं। यानी एक सिपाही पर करीब 800 से ज्यादा लोगों की सुरक्षा का जिम्मा है।
ऐसे में यहां नए थानों और पुलिस बल की दरकार है। जिन नए थानों का प्रपोजल भेजा गया है, उनमें सिहानी गेट के नंदग्राम, साहिबाबाद के शालीमार गार्डन, विजयनगर के प्रताप विहार-बाईपास और इंदिरापुरम में वैशाली-कौशांबी में नए थाने प्रस्तावित हैं।
दरअसल, इन स्थानों की आबादी 4 लाख से ज्यादा है। मानक के अनुुसार एक लाख से ज्यादा आबादी पर थाना बनाया जा सकता है।
मिले 70 लाख
गाजियाबाद पुलिस को तीन नए थानों के लिए 70.51 लाख रुपये मिल चुके हैं। यहां लोनी में लोनी बार्डर, ट्रॉनिका सिटी और खोड़ा में एक-एक थाना बनना है, जिसकी घोषणा 3 जून 2013 को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने की थी। इन तीन थाने बनने के बाद यहां 17 थाने हो जाएंगे।