अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बवाना में जोगिंदर उर्फ काला की हत्या के मामले में पुलिस ने चार नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस उनसे पूछताछ कर हत्या के कारणों की जांच कर रही है। इस हत्या को हाल ही में हुई केशव डबास की हत्या के बदले से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस गैंगवार, पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई समेत सभी पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को बदमाशों ने जोगिंदर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह बवाना थाने का घोषित बदमाश धर्मेंद्र का भाई था। जांच में पता चला कि पूठखुर्द इलाके में लंबे समय से दो गुटों के बीच खूनी रंजिश चल रही है। दोनों पक्ष पहले भी एक-दूसरे पर हमले करते रहे हैं। कुछ दिन पहले दूसरे पक्ष के केशव डबास की हत्या हुई थी। जांच एजेंसियों को आशंका है कि उसका ही बदला लेने के लिए जोगिंदर को निशाना बनाया गया। पुलिस का कहना है कि चार नाबालिगों से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच अभी शुरुआती चरण में है। इस बीच सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट वायरल हुईं हैं, जिनमें पूठखुर्द हत्याकांड की जिम्मेदारी विक्की और डाकू कुलेसिया के नाम से ली गई है। पुलिस इन पोस्ट की भी जांच कर रही है।