-सिकलीगर समुदाय के चोरों से गहने खरीदने वाला एक ज्वेलर भी हुआ गिरफ्तार, दिल्ली के होटल में रहकर करते थे चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर पश्चिम जिला की मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने इंदौर से दिल्ली आकर चोरी करने वाले सिकलीगर समुदाय के चार बदमाशों को आठ सौ किलोमीटर पीछा करने के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके निशानदेही पर चोरी के गहने खरीदने वाले एक ज्वेलर को भी गिरफ्तार किया है। बदमाश दिल्ली में रेकी करने के लिए बाइक भी चुराते थे। पुलिस ने चोरों के कब्जे से 99 हजार रुपये, चोरी के पैसों से खरीदा गया एक आईफोन और एक जोड़ी चांदी की पायल और एक बाइक बरामद की है। वहीं ज्वेलर के कब्जे से एक पेंडेंट, एक लॉकेट, दोे जोड़ी बालियां और चार लॉकेट बरामद हुईं हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की पहचान इंदौर मध्य प्रदेश निवासी मलखान सिंह, पूनम सिंह, प्रेम और किरणपाल, वहीं ज्वेलर की पहचान हमेंद्र पांडे के रूप में हुई है। 26 अप्रैल को मुखर्जी नगर थाना पुलिस को धीरपुर गांव के एक घर से करीब 30 तोला सोने के गहने, पांच सौ ग्राम चांदी के गहने और 2.5 लाख नकद चोरी की थी।