-शाहबाद डेयरी इलाके की घटना, दुकान पर आने जाने वाले एक युवक ने बदमाशों को दी थी पैसे की जानकारी
-2 लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद, बिना नंबर प्लेट की बाइक से दी थी वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शाहबाद डेयरी इलाके में एक तंबाकू कारोबारी से लाखों रुपये की लूट में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक दुकान में काम करता है और पीड़ित की दुकान पर आता-जाता था। उसकी सूचना पर बदमाशों ने बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार होकर लूटपाट की थी। बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने 2 लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 15 जनवरी की रात शाहबाद डेयरी थाना पुलिस को लूटपाट की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पीड़ित प्रशांत मिले। वह परिवार के साथ रोहिणी सेक्टर 25 में रहते हैं। वह विजय विहार में पांच छह साल से तंबाकू का कारोबार करते हैं। घटना के समय वह दुकान बंद करने के बाद बाइक से घर जा रहे थे। तभी बिना नंबर वाली बाइक पर सवार तीन बदमाश पहुंचे और उनसे 2.5 लाख रुपये लेकर भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर थाना प्रभारी राजेश मलिक के नेतृत्व में मामले की जांच शुरू की। टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाली। इसके जरिए पुलिस ने बदमाशों विजय विहार निवासी रोहित, सुधांशु और शिवम को गिरफ्तार कर लिया।