दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने बिहार के पूर्व सांसद मो. शहाबुद्दीन के रिश्तेदार की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली के बटला हाउस, जामिया नगर में छिपकर रह रहा था। उसने जमीन के विवाद के कारण अपने साथियों के साथ मिलकर पूर्व सांसद के रिश्तेदार यूसुफ की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बिहार पुलिस आरोपी को वारदात के बाद से ही तलाश कर रही थी। सीवान पुलिस, बिहार आरोपी की तलाश में कई बार दिल्ली आई थी।
अपराध शाखा डीसीपी राजेश देव के अनुसार मो. कय्यूम उर्फ स्टार मियां, मो. कैफ, रौनक, इस्लाम, मकबूल और संदीप ने मिलकर एक फरवरी 2019 को पूर्व सांसद मो. शहाबुद्दीन के रिश्तेदार यूसुफ की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद उसके शव को सीवान बिहार में स्थित में एक मस्जिद के पास दफना दिया था। यूसुफ के परिवार की हुसैनगंज, बिहार में स्थित जमीन को लेकर मो. कय्यूम के परिवार से रंजिश चल रही थी। इस प्रॉपर्टी को लेकर दोनों ही परिवार में कई बार झगड़ा हो गया था। इस कारण मो. कय्यूम ने यूसुफ की हत्या की साजिश रची थी। ये पार्टी करने के बहाने यूसुफ को घर से ले गए थे। सीवान, बिहार में हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
शाखा में तैनात एसीपी संदीप लांबा की देखरेख में इंस्पेक्टर लोकेन्द्र चौहान की टीम मो. कय्यूम की तलाश कर रही थी। एएसआई योगेन्द्र को सूचना मिली थी कि मो. कय्यूम बटला हाउस में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने गली नंबर-12, नूर मस्जिद के पास घेराबंदी कर मो. कय्यूम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि सीवान, बिहार में यूसुफ की हत्या करने के बाद छिपने के लिए वह दिल्ली आ गया था। मो. कय्यूम(53) सीवान, बिहार में मोबाइल की दुकान चलाता था। दिल्ली पुलिस ने बिहार पुलिस को सूचना दे दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बिहार पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर इनाम रखा हुआ था या नहीं।