मध्य दिल्ली केे दरियागंज इलाके में एक महिला वकील ने बहादुरी दिखाते हुए ड्रामेबाज चोर को लोगों की मदद से दबोच लिया। आरोपी ट्रैफिक के बीच महिला की कार के सामने आकर चोट लगने का ड्रामा करने लगा। इसी दौरान महिला वकील ने जैसे ही अपनी कार का शीशा खोला, आरोपी कार में रखे महंगे मोबाइल को उठाकर वहां से भागने लगा।
बहादुर वकील शोर मचाते हुए चोर के पीछे भागी। काफी दूर पीछा करने के बाद आरोपी को लोगों की मदद से दबोच लिया गया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसकी पहचान जामा मस्जिद, मीना बाजार निवासी दानिश के रूप में हुई है। आरोपी के पास से पीड़िता का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक दीपिका अग्रवाल (32) परिवार के साथ जवाहर मोहल्ला, शाहदरा में रहती हैं। इनका नई दिल्ली के जनपथ इलाके में दफ्तर है। सोमवार सुबह वह अपनी वैगन आर कार से दफ्तर जा रही थी। इस बीच वह दरियागंज इलाके के जेएलएन मार्ग पर पहुंची, वहां ट्रैफिक धीमा था।
इसी दौरान अचानक आरोपी उनकी कार के सामने आया और चोट लगने का ड्रामा करने लगा। आरोपी ने भीड़ इकट्ठी कर ली। जैसे ही दीपिका ने अपनी कार का शीशा नीचे किया, उसी दौरान आरोपी ने उनकी कार के डैशबोर्ड पर रखा मोबाइल उठाया और भागने लगा।