शाहदरा जिला पुलिस ने आरोपी को राजस्थान के सीकर से दबोचा, गहने बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क थाना इलाके में घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती की नृशंस हत्या के मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने बुजुर्ग के पूर्व केयरटेकर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अशोक के रूप में हुई है। पुलिस उसे राजधानी से 500 किलोमीटर दूर राजस्थान से दबोचा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा गया सोना बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह जानता था कि मृतका परवेश बंसल नियमित रूप से सोने के गहने पहनती थीं। वारदात से पहले उसने अपना घर बदल लिया, बिना सीसीटीवी कैमरों वाले रास्तों की पहचान की और पहचान छिपाने के लिए शरीर पूरी तरह ढककर, दस्ताने और चश्मा पहनकर घर में दाखिल हुआ। तकनीकी सर्विलांस से बचने के लिए उसने जानबूझकर अपना फोन घर पर ही छोड़ दिया था। घटना वाले दिन बेटे की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर आरोपी घर में घुसा और लूटपाट की। विरोध पर उसने दोनों बुजुर्गों की बेरहमी से हत्या की और फरार हो गया। मामले में दिल्ली पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वारदात में कोई और तो शामिल नहीं था। संयुक्त पुलिस आयुक्त मधुर वर्मा ने बताया कि आरोपी को डीसीपी प्रशांत गौतम के नेतृत्व में गठित टीम ने गिरफ्तार किया। टीम में एसीपी मुकेश कुमार, स्पेशल स्टाफ इंचार्ज महेश कसाना, एसएचओ मानसरोवर पार्क अश्वनी कुमार, एसआई दीपक, हेड कांस्टेबल राजीव और हेड कांस्टेबल सुनील शामिल रहे।
तीन जनवरी, देर रात की थी वारदात
घटना 3 जनवरी की देर रात करीब 12:30 बजे सामने आई, जब मानसरोवर पार्क थाने में पीसीआर कॉल आई। कॉलर ने बताया कि उसके माता-पिता दोनों बेहोश पड़े हैं और पिता के सिर पर कील जैसी चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम राम नगर एक्सटेंशन स्थित फ्लैट नंबर 1/4332, तीसरी मंजिल पर पहुंची। वहां दोनों बुजुर्ग मृत पाए गए। उनके मुंह और नाक से खून निकल रहा था और आंखों के आसपास गंभीर चोटों के निशान थे। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक शख्स पूरा शरीर ढके हुए और दस्ताने पहने दिखाई दिया, जो जानबूझकर उन रास्तों से अंदर-बाहर गया जहां कैमरे नहीं लगे थे। पुलिस ने 50 से अधिक मोबाइल नंबरों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाले और करीब 300 अपराधियों के डॉसियर की जांच की।
बीमारी के समय रखे थे दो केयरटेकर
पुलिस जांच में सामने आया कि बीमारी के दौरान दंपती ने दो केयरटेकर रखे थे। एक केयरटेकर ने करीब दो महीने काम किया था, लेकिन जांच में उसके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला। दूसरे केयरटेकर अशोक से संपर्क करने पर उसकी पत्नी ने बताया कि वह बिना फोन के खाटू श्याम की तीर्थयात्रा पर गया है। शक गहराने पर स्पेशल स्टाफ की टीम नांगलोई स्थित उसके घर पहुंची। उसकी तस्वीर का मिलान सीसीटीवी फुटेज में दिखे शख्स की कद-काठी से किया। आगे की तकनीकी जांच में पता चला कि आरोपी ने एक रिश्तेदार के मोबाइल से पत्नी से संपर्क किया था, जिसकी लोकेशन राजस्थान के सीकर जिले में ट्रेस हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से लूटे गए सोने के गहने बरामद कर लिए।