आम्रपाली मामले में बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में फॉरेंसिक ऑडिटर ने कई गड़बड़झालों की ओर कोर्ट का ध्यान आकृष्ट कराया। इसमें अपने लोगों को कम कीमत पर फ्लैट की बुकिंग और बिना बिकी हुई संपत्तियों की जानकारी दी। इनके मूल्यों को जोड़ें तो यह करीब तीन हजार करोड़ होता है। अगर यह पैसा वापस आ जाए तो बात बन सकती है। कुछ ऐसा ही कहना है आम्रपाली के फ्लैट खरीदारों का।
खरीदार केके कौशल ने बताया कि कोर्ट के सामने यह बातें सामने आ चुकी हैं कि कई फ्लैटों की बुकिंग एक, 11 या 21 रुपये प्रतिवर्ग फुट की दर पर की गई। अगर इसे वास्तविक दर पर बेचा जाए तो इसके माध्यम से 1733 करोड़ रुपये आ जाएंगे। इसके अलावा ऐसी कई संपत्तियों का विवरण दिया गया है, जो अभी बिकी नहीं हैं। इनको बेचकर 1263 करोड़ रुपये जुटाए जा सकते हैं।
खरीदारों का कहना है कि इनके माध्यम से आम्रपाली के प्रोजेक्टों को पूरा करने में मदद मिल सकती है। अगर इसे अपने अंजाम तक पहुंचा दिया जाए तो खरीदारों का भला होगा। साथ ही उन्हे उनके सपनों का घर भी मिल जाएगा।
बता दें कि अमर उजाला ने 7 दिसंबर के अंक में आम्रपाली के फ्लैट की बुकिंग में गड़बड़झाले की खबर प्रकाशित की थी। इसके माध्यम से यह बताया गया था कि आम्रपाली के प्रोजेक्ट से जुड़े नजदीकी लोगों ने कुछ फ्लैटों की बुकिंग में गड़बड़झाला किया था।