बिजनेस वीजा पर भारत आकर ड्रग की तस्करी करने वाले अफ्रीकी मूल के एक नागरिक को मोहन गार्डन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से पुलिस ने 260 ग्राम हेरोइन बरामद की है जिसकी कीमत 50 लाख रुपये आंकी गई है।
जिला पुलिस उपायुक्त ऐंटो अल्फोंस ने बताया कि आरोपी की पहचान अफ्रीकी देश पीएफ आइवरी कोस्ट निवासी जॉन जैक्स(30) के रूप में हुई है। एसआई जगवीर के नेतृत्व में पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। पुलिस टीम को देखते ही अफ्रीकी मूल का व्यक्ति भागने लगा। पुलिस ने उसे पीछा कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पेंट के जेब से हेरोइन मिली।
पूछताछ में जॉन ने बताया कि वह बिजनेस वीजा पर भारत आया था। लेकिन जल्द रुपये कमाने के लिए यहां रह रहे अफ्रीकी मूल के लोगों के संपर्क में आकर ड्रग्स का कारोबार करने लगा। पहले वह छोटे स्तर पर ड्रग सप्लाई करता था। लेकिन बाद में ज्यादा मात्रा में उसे सप्लाई करने लगा।
जांच में पता चला कि जॉन के साथ उसकी कई महिला मित्र भी रहती है जो उसपर आश्रित है। पुलिस ने जॉन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसका पासपोर्ट और वीजा को जब्त कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर धंधे में शामिल अन्य लोगों की जानकारी लेकर उनकी धरपकड़ में जुट गई है।