सीआईएसएफ ने दिल्ली एयरपोर्ट पर दो विदेशी नागरिकों से 1.40 करोड़ की विदेशी मुद्रा बरामद की है। किर्गिस्तान के रहने वाले मात्केरिमोव मिर्लान और ओरजेबाव रुस्लान इस मुद्रा को अल्माटी लेकर जा रहे थे। इन दोनों को कस्टम के हवाले कर दिया गया है।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता हेमेंद्र सिंह ने बताया कि 6 मार्च की रात 11 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर तैनात सर्विलांस टीम ने टर्मिनल-3 पर दोनों विदेशियों को संदिग्ध हालात में घूमते देखकर हिरासत में लिया। उनके बैग की एक्सरे मशीन पर जांच के दौरान उसमें संदिग्ध वस्तु दिखी।
सीआईएसएफ कर्मियों ने बैग की तलाशी ली तो उसमें 1.76 लाख अमेरिकी डॉलर मिले। ये दोनों बिश्केक से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे और उन्हें यहां से अल्माटी जाना था।
विदेशी मुद्रा के बाबत पूछे जाने पर उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और न ही कोई कागजात पेश किए। सीआईएसएफ अधिकारियों ने दोनों को कस्टम विभाग के हवाले कर दिया।