रंग खेलने वाले दिन यानी धुलेंडी (मंगलवार) को पहली पाली में यात्रियों को डीटीसी की बसें नहीं मिलेंगी। इस दिन दिल्ली-एनसीआर में डीटीसी बसों का परिचालन दोपहर 2 बजे के बाद सुचारु होगा। दोपहर से 898 बसों का संचालन किया जाएगा।
डीटीसी के उपमहाप्रबंधक (जनसंपर्क) डॉ. आरएस मिन्हास ने बताया कि 10 मार्च को दुल्हेंडी महोत्सव के कारण सभी बस सेवाएं दो बजे तक निलंबित रहेंगी। शाम की पाली में कुछ चुने हुए रूटों पर बस सेवाओं को आवश्यकता के अनुसार संचालित कराया जाएगा।
डॉ. मिन्हास ने कहा कि इस दिन ट्रैफिक का लोड बहुत कम होगा। इसलिए दोपहर से केवल 898 बसों का संचालन ही किया जाएगा। डीटीसी की सेवाओं के बारे में किसी भी पूछताछ के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 800118181 और 41400400 पर संपर्क किया जा सकता है।