-उत्तम नगर में होली के दिन युवक की हुई हत्या के आरोपी के अवैध मकान पर प्रशासन की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
देश के कई राज्यों की तरह अब दिल्ली में भी अपराध के आरोपियों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू हो गई है। दिल्ली में पहली बार इस तरह की कार्रवाई इलाके में देखने को मिली, जहां उत्तम नगर में होली के दिन एक युवक की हत्या में आरोपी का नाम सामने आने के बाद उसके अवैध रूप से बने मकान के हिस्से को ध्वस्त कर दिया गया।
होली के दिन इलाके में युवक तरुण की हुई हत्या के मामले में आरोपी की जांच के दौरान उसका घर के अवैध निर्माण का खुलासा हुआ। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मकान के अवैध हिस्सों को गिराने का निर्णय लिया। यहां रविवार सुबह अचानक नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस की टीम इलाके में पहुंची। इसके साथ ही जेसीबी मशीनें भी लाई गईं। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी थी और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने सबसे पहले पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो सके। इसके बाद अधिकारियों की निगरानी में जेसीबी मशीनों और अन्य उपकरणों की मदद से मकान के अवैध हिस्सों को तोड़ दिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक जांच में पता चला कि आरोपी का मकान नियमों के विरुद्ध बना था। नगर निगम की टीम ने पहले निर्माण से जुड़े दस्तावेजों की जांच की और अवैध हिस्सों को चिह्नित किया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया को अंजाम दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी तरह के अपराध या अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ उनके अवैध निर्माणों पर भी सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी व्यक्ति का अवैध निर्माण सामने आता है या वह अपराध से जुड़ी गतिविधियों में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई कानून के तहत की गई है और आगे भी ऐसे मामलों में नियमों के अनुसार सख्ती बरती जाएगी।