आम आदमी पार्टी ने रेल बजट की आलोचना करते हुए कहा है कि इसमें कुछ खास नहीं है। आम आदमी के लिए यह बजट खाली बैग की तरह है। यह ना तो सुधारवादी है और ना ही जनवादी।
रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने बुनियादी सुविधाओं के लिए 12,500 करोड़ रुपये के बजट की घोषणा तो की लेकिन यह नहीं बताया कि वह किस तरह का सुधार करेंगे। पार्टी ने कहा कि रेल बजट में आम आदमी के लिए कोई प्रावधान नहीं किया गया है।
पार्टी के मुताबिक रेलवे में कार्यरत लाखों कर्मचारियों के लिए बजट में कोई प्रावधान नहीं किया गया। पार्टी का कहना है कि बजट में सेफ्टी व आधुनिकतापर जोर दिया गया है हालांकि रेल मंत्री ने साफ-साफ कुछ नहीं बताया कि वह क्या करने जा रहे हैं। वह सिर्फ इस बजट से आम जनता को गुमराह कर रहे हैं। रेल बजट किसी भी मोर्चे पर सही नहीं दिख रहा है।