बिसरख कोतवाली क्षेत्र में मंगल सिंह (34) की हत्या के आरोप में पुलिस ने बड़े भाई सुमेर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गुरुवार रात 25 गज जमीन के लिए छोटे भाई की लाठी-डंडों से हमला कर हत्या कर दी थी।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि मूलत: गांव-पिंजरी, थाना-खैर (अलीगढ़) निवासी राज मिस्त्री मंगल दो भाइयों के साथ ग्रेनो वेस्ट के तिगरी गांव में रहता था। 6 साल पहले मंगल की पत्नी की मौत हो गई थी।
उसकी एक बेटी को बहन ने गोद ले लिया था, जबकि सुमेर उसके दोनों बेटों का भरण-पोषण करता है। एसएसपी का कहना है कि मंगल और सुमेर ने 50 गज का एक प्लॉट लिया था और उस पर एक कमरा भी बनवा लिया था, लेकिन बाद में सुमेर की नीयत बदल गई।