-एक सप्ताह तक चली कार्रवाई में 16 बसें जब्त, परमिट उल्लंघन और गलत पार्किंग के सबसे ज्यादा मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन के सामने निजी बसों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी को लेकर बृहस्पतिवार को अमर उजाला में प्रकाशित खबर के अगले दिन दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बसों के खिलाफ विशेष अभियान की जानकारी दी। पूर्वी रेंज में एक सप्ताह तक चले अभियान के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर 408 चालान काटे गए, जबकि 16 बसों को जब्त किया। हालांकि, पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह स्पष्ट नहीं किया कि अभियान कब शुरू हुआ और क्या इसका संबंध बुधवार को प्रकाशित खबर से है।
बृहस्पतिवार को प्रकाशित पड़ताल में अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन के सामने दिल्ली से नोएडा जाने वाली सड़क पर निजी बसों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा से जुड़ी कई कमियां सामने आई थीं। शाम के समय बड़ी संख्या में बसें निकलती दिखाई दी थीं। इनमें कुछ बसों की छतों पर भारी सामान लदा था, जबकि कुछ की खिड़कियों पर काली फिल्म और पर्दे लगे थे। कुछ बसों में आपातकालीन निकास के स्थान पर सीटें लगी होने जैसा दृश्य भी दिखाई दिया था। इन स्थितियों से यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठे थे। पूर्वी रेंज की ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त श्वेता चौहान ने बताया कि अभियान में बिना अनुमति बस चलाने, गलत जगह बस रोकने, अव्यवस्थित तरीके से वाहन चलाने और सड़क व चौराहों पर यातायात बाधित करने जैसी गतिविधियों पर कार्रवाई की गई। ऐसी लापरवाही से जाम लगने के साथ यात्रियों, पैदल चलने वालों और दूसरे वाहन चालकों की सुरक्षा को खतरा होता है। पुलिस ने बस चालकों और संचालकों को चेतावनी दी है कि बार-बार या गंभीर रूप से नियम तोड़ने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर बसों को जब्त भी किया जाएगा। पुलिस ने आगे भी अभियान और जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात कही है।