फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फ्लैट खरीदार को अनिश्चितकाल के लिए इंतजार नहीं कराया जा सकता: सुप्रीम कोर्ट

Sat, 30 Mar 2019 09:38 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
हाउसिंग प्रोजेक्ट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

सुप्रीम कोर्ट ने तय समयसीमा पर फ्लैट नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि खरीदार को अनिश्चितकाल के लिए इंतजार नहीं कराया जा सकता। इसके साथ ही शीर्ष अदालत ने बिल्डर को नौ फीसदी ब्याज सहित खरीदार को रकम वापस करने का आदेश दिया। 

विज्ञापन


जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ और हेमंत गुप्ता की पीठ ने एक मामले की सुनवाई के दौरान पाया कि बिल्डर ने निर्धारित सात वर्ष बाद भी फ्लैट का कब्जा नहीं दिया। पीठ ने कहा कि खरीदार को उचित समय तक फ्लैट मिल जाना चाहिए था और सात वर्ष किसी भी स्थिति में उचित समय नहीं कहा जा सकता। पीठ ने पश्चिम बंगाल के बिल्डर कोलकाता वेस्ट इंटरनेशनल सिटी प्राइवेट लिमिटेड को खरीदार देवाशीष रूद्र को रकम वापस करने का आदेश दिया। 

दरअसल, देवाशीष ने 2006 में 39.29 लाख रुपये में एक फ्लैट बुक कराया था। करार के तहत देवाशीष को दिसंबर, 2008 तक फ्लैट देना था। इसमें छह माह का ग्रेस पीरियड भी था यानी फ्लैट देने की अंतिम समयसीमा जून, 2009 तक थी। यह समयसीमा बीत जाने के दो वर्ष बाद भी बिल्डर ने देवाशीष को फ्लैट नहीं दिया। इसके बाद देवाशीष ने राज्य उपभोक्ता आयोग का दरवाजा खटखटाया। आयोग ने बिल्डर को सेवा में कोताही का दोषी मानते हुए देवाशीष को पांच लाख का मुआवजा और 12 फीसदी ब्याज के साथ रकम वापस करने का आदेश दिया। 
विज्ञापन


इसके बाद राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग ने भी राज्य उपभोक्ता आयोग के फैसले को सही ठहराया, लेकिन मुआवजा राशि घटाकर दो लाख रुपये कर दी। आयोग के फैसले को देवाशीष ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। बिल्डर का कहना था कि उसे मार्च 2016 में कंप्लीशन सर्टिफिकेट मिला था और अप्रैल महीने में देवाशीष को इसकी जानकारी दे दी गई थी। लेकिन उसकी दलीलों को नकारते हुए कोर्ट ने आयोग के फैसले को सही करार दिया है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने 12 फीसदी की बजाए नौ फीसदी ब्याज के हिसाब से रकम वापस करने के लिए कहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें