नई दिल्ली। भारतीय हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (आईआईसी) के गांधी-किंग मेमोरियल प्लाजा में कमलादेवी पुरस्कार समारोह 2026 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश के पांच युवा शिल्पकारों को पारंपरिक कला और शिल्प के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली क्राफ्ट्स काउंसिल के सहयोग से हुआ।
पंजाब की राजिंदर कौर को फुलकारी कढ़ाई, आंध्र प्रदेश के जी गुणसाई को वेंकटगिरी जामदानी बुनाई, पश्चिम बंगाल की पल्लबी सामत को बांस की टोकरी बनाने की कला, मध्य प्रदेश के अबरार खत्री को बाघ हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग और उत्तराखंड की उमा जोशी को पारंपरिक कुमाऊंनी ऐपण कला के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वास्तुकार, शहरी डिजाइनर और शिक्षाविद् केटी रविंद्रन उपस्थित रहे।