Delhi Building collapsed
हादसे के बाद घटनास्थल और अस्पताल में राजनीतिक पार्टियों, एमसीडी नेताओं और अधिकारियों का तांता लगा रहा। घटनास्थल पर पहुंचे प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने पीड़ितों के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। उन्होंने घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एमसीडी के अधिकारियों को क्षेत्र का सर्वे करने, जर्जर बिल्डिंगों को नोटिस देकर फिर से बनवाने का आग्रह करने के भी आदेश दिए। उन्होंने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियों को उचित मानदंड के आधार पर रेगुलराइज करके ऐसी घटनाओं से बचा जा सकता है। घटना के दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
दीपचंद बंधु अस्पताल पहुंचे विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल से मांग की कि वे मकान गिरने की घटना की न्यायिक जांच के आदेश दें। इसके कारणों की तह तक जाना जरूरी है, ताकि दुर्घटना की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। जर्जर भवनों के लिए नीति भी बनाई जाए। उन्होंने मृतकों के परिजनों और घायलों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
उत्तरी दिल्ली एमसीडी के मेयर आदेश गुप्ता ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच करा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन, उप मेयर राजेश लावड़िया, स्थायी समिति अध्यक्ष वीना विरमानी, जिलाध्यक्ष रोशन कंसल, वजीरपुर के पूर्व विधायक डॉ. महेंद्र नागपाल और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ितों के परिजनों को सांत्वना दी। एमसीडी में नेता सदन तिलकराज कटारिया, पार्षद मंजू खंडेलवाल, निगमायुक्त मधुप व्यास, क्षेत्रीय उपायुक्त पुष्पेंद्र सिंह, प्रमुख अभियंता विजय प्रकाश समेत एमसीडी अफसर भी पीड़ितों के परिजनों से मिले।