राष्ट्रीय राजधानी के प्रदर्शनी स्थल प्रगति मैदान को विश्वस्तरीय और आधुनिक प्रदर्शनी स्थल के विकसित करने के साथ साथ वहां एक अतयाधुनिक फाइव स्टार होटल भी बनाया जाएगा।
इसके लिए सरकार ने प्रगति मैदान की 3.7 एकड़ जमीन एक विशेष रूप से गठित की गई कंपनी के नाम 99 वर्ष की लीज पर हस्तांतरित करने का निर्णय लिया है। इस आशय का फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया।
मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सरकार की तरफ से जारी बयान में बताया गया कि प्रगति मैदान की 3.7 एकड़ जमीन एक स्पेशल परपज व्हीकल -एसपीवी- को 99 साल की लीज पर हस्तांतरित किया जाएगा।
एसपीवी इसके बदले 611 करोड़ रुपये का भुगतान करेगा। एसपीवी का गठन सरकारी कंपनी आईटीडीसी और आईआरसीटीसी करेगी जिसकी जिम्मेदारी होटल का निर्माण और संचालन होगा।