अलग-अलग मदों में पर्यावरण टैक्स के रूप में वसूले गए पैसों से सरकार अब 500 इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगी। इसमें इलेक्ट्रानिक लो फ्लोर एसी बसों के अलावा मिड साइज बसें भी होंगी। इसको लेकर दिल्ली मल्टी मॉडल इंटीग्रेटेड ट्रांजिट सिस्टम (डिम्ट्स) मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक प्रजेंटेशन भी दे चुकी है।
हालांकि, सरकार का कहना है कि वह ग्रीन टैक्स से नहीं, अलग से बजट देकर बसों को खरीदेगी। उनके पास बसों के लिए पैसे की नहीं, पार्किंग के लिए जगह नहीं है। सरकार के पास अलग-अलग मद में पर्यावरण संरक्षण के लिए वसूले गए टैक्स से 1500 करोड़ से ज्यादा रुपये हैं।
यह ग्रीन टैक्स सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर दिल्ली आने वाले ट्रकों से वसूलती है। सरकार ने 10 नवंबर तक कुल 1003 करोड़ रुपये वसूला है। इसी तरह डीजल बिक्री पर इनवायरमेंट सेस लिया जाता है। उससे भी सरकार के पास करीब 500 करोड़ रुपये हैं।